रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

घर के नजदीक मिली आसान, पारदर्शी और समयबद्ध सेवा; शासन की पहल से बढ़ा नागरिकों का भरोसा
बीजापुर, 10 जुलाई 2026/ शासन की जनहितकारी पहल ‘सेवा सेतु’ नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से अब लोगों को आवश्यक प्रमाण-पत्रों और अन्य शासकीय सेवाओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। सेवा सेतु केन्द्रों के जरिए विभिन्न सेवाएं तेजी से आमजन तक पहुंच रही हैं, जिससे शासन के प्रति नागरिकों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
इसी क्रम में ग्राम भुसापुर, तहसील उसूर की हितग्राही अंकिता ओयम को सेवा सेतु केन्द्र के माध्यम से समयबद्ध प्रक्रिया में विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। तहसील कार्यालय उसूर स्थित सेवा सेतु केन्द्र में प्राप्त आवेदन (क्रमांक 2303012618000236) का त्वरित निराकरण करते हुए उन्हें प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराया गया।
प्रमाण-पत्र का वितरण सेवा सेतु मैनेजर श्रीमती मंजुलता दुर्गम एवं शंकर मोडियम द्वारा किया गया। पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संपन्न होने के कारण हितग्राही को किसी प्रकार की अनावश्यक भागदौड़ नहीं करनी पड़ी। समय पर प्रमाण-पत्र मिलने से उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए शासन की इस अभिनव पहल की सराहना की।
अंकिता ओयम ने बताया कि पहले विवाह पंजीयन जैसे कार्यों के लिए विभिन्न कार्यालयों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन सेवा सेतु केन्द्र के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया बेहद सरल और सुविधाजनक रही। निर्धारित समय में प्रमाण-पत्र मिलने से उनके आवश्यक कार्य बिना किसी परेशानी के पूरे हो सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए सेवा सेतु केन्द्र एक अत्यंत उपयोगी और भरोसेमंद व्यवस्था बनकर उभरा है।
शासन द्वारा संचालित सेवा सेतु केन्द्रों के माध्यम से आय, जाति, स्थानीय निवास, विवाह पंजीयन सहित अनेक शासकीय सेवाएं पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह पहल नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के साथ-साथ सुशासन और डिजिटल प्रशासन को भी सशक्त बना रही है।
हितग्राही की प्रतिक्रिया
“सेवा सेतु केन्द्र के माध्यम से विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र प्राप्त करने की पूरी प्रक्रिया बेहद आसान और पारदर्शी रही। मुझे समय पर प्रमाण-पत्र मिला, जिससे मेरे आवश्यक कार्य बिना किसी परेशानी के पूरे हो सके। इसके लिए मैं शासन-प्रशासन एवं सेवा सेतु केन्द्र का हार्दिक आभार व्यक्त करती हूँ।”
— अंकिता ओयम, ग्राम भुसापुर, तहसील उसूर