रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

स्वच्छ एवं स्वस्थ बस्तर अभियान को मिली गति

जगदलपुर, 10 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग बस्तर द्वारा जिले में संचालित “स्वच्छ एवं स्वस्थ बस्तर अभियान” के अंतर्गत मलेरिया मुक्त बस्तर के लक्ष्य को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा मलेरिया, डेंगू सहित अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर कार्यवाही की जा रही है।



     अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से सर्वेक्षण कर संभावित मरीजों की पहचान की जा रही है। बुखार से पीड़ित व्यक्तियों की जांच कर आवश्यकतानुसार मलेरिया एवं डेंगू की स्क्रीनिंग की जा रही है। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में लार्वा सर्वे, स्रोतों का नष्टिकरण, फॉगिंग तथा आवश्यक दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है।



     स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, घरों एवं आसपास पानी जमा नहीं होने देने, मच्छरदानी के नियमित उपयोग तथा बुखार के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच एवं उपचार कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

     अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय निकाय तथा अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से स्वच्छता गतिविधियां भी लगातार संचालित की जा रही हैं, ताकि मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त कर संक्रामक एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।

       जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, पानी को कहीं भी लंबे समय तक जमा न होने दें तथा बुखार या अन्य संदिग्ध लक्षण होने पर स्वयं उपचार करने के बजाय तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराएं। जनसहभागिता से ही मलेरिया मुक्त एवं स्वस्थ बस्तर के लक्ष्य को सफल बनाया जा सकता है।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply