रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 10 जुलाई 2026/ बस्तर संभाग के शासकीय विद्यालयों में पढ़ने वाली बेटियों की शिक्षा की राह अब और भी सुगम होने जा रही है। शासन की महत्वाकांक्षी निःशुल्क सरस्वती सायकल वितरण योजना के तहत संभाग में कक्षा नवमीं की पात्र बालिकाओं को साइकिलों का वितरण शुरू कर दिया गया है, जिससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को बड़ा संबल मिलेगा।

शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पूरे बस्तर संभाग में कुल 19 हजार 843 पात्र हितग्राही बालिकाओं को इस योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को स्कूल आने-जाने के लिए सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है, जिससे उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित हो सके और बालिका शिक्षा को और अधिक बढ़ावा मिल सके।



         संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा एचआर सोम ने इस बारे में बताया कि राज्य शासन की महत्वाकांक्षी निःशुल्क सरस्वती सायकल वितरण योजनान्तर्गत इस शैक्षणिक सत्र में बस्तर जिले से 5248, कोण्डागांव से 5004, कांकेर से 4880, दन्तेवाड़ा से 1303, बीजापुर से 1245, सुकमा से 1178 और नारायणपुर जिले से 985 बालिकाओं को निःशुल्क सायकल वितरण हेतु चिन्हित किया गया है। वर्तमान में वितरण का कार्य बहुत तेजी से किया जा रहा है। अब तक कांकेर में 2135, कोण्डागांव में 922 तथा सुकमा जिले में 107 एवं बस्तर जिले में 32 साइकिलों का वितरण पात्र बालिकाओं को किया जा चुका है और शेष बचे जिलों में भी वितरण की कार्यवाही निरंतर जारी है। उन्होंने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण पारदर्शिता और सुव्यवस्थित तरीके से इन साइकिलों का वितरण सुनिश्चित किया जाए।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply