रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

बीजापुर 10 जुलाई 2026/जिले के बासागुड़ा गांव की 22 वर्षीय भीमे हेमला जन्म से बाएं होंठ में क्लेफ्ट लिप (जन्मजात होंठ विकृति) से पीड़ित थीं। इस कारण उन्हें भोजन करने, निगलने तथा स्पष्ट रूप से बोलने में काफी कठिनाई होती थी। यह समस्या उनके दैनिक जीवन के साथ-साथ परिवार के लिए भी लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई थी।


भीमे हेमला ने जिला अस्पताल बीजापुर में उपचार के लिए संपर्क किया, जहां कान-नाक-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. विभू तिवारी के नेतृत्व में स्थानीय एनेस्थीसिया के तहत उनकी सफल शल्य चिकित्सा की गई। ऑपरेशन थिएटर के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के समन्वित प्रयासों से यह जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। अब उन्हें बोलने, निगलने एवं सामान्य रूप से भोजन करने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं है। चिकित्सकों के अनुसार, शल्य चिकित्सा के अत्यंत संतोषजनक परिणाम प्राप्त हुए हैं। इससे भीमे हेमला का आत्मविश्वास बढ़ा है तथा वे अब अपनी शारीरिक बनावट को सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए सामान्य एवं सम्मानजनक सामाजिक जीवन जीने की ओर अग्रसर हैं।
कलेक्टर श्री विश्वदीप के मार्गदर्शन तथा जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री नम्रता चौबे के सहयोग से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.आर. पुजारी एवं सिविल सर्जन डॉ. रत्ना ठाकुर के नेतृत्व में जिला अस्पताल बीजापुर में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे जिले के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध हो रहा है।

जिला अस्पताल बीजापुर में इस प्रकार की जटिल शल्य चिकित्सा का सफलतापूर्वक संपन्न होना जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती क्षमता, चिकित्सकीय दक्षता तथा स्वास्थ्य विभाग की प्रतिबद्धता का परिचायक है। यह उपलब्धि दूरस्थ एवं आदिवासी अंचलों के मरीजों को उनके जिले में ही बेहतर और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सफल उपचार के बाद भीमे हेमला एवं उनके परिजनों ने डॉ. विभू तिवारी, जिला अस्पताल के समस्त चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें नई जिंदगी और नई मुस्कान देने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply