रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बस्तर अभियान से नेफ्रोटिक सिंड्रोम पीड़ित बालक को मिला नया जीवन, राज्य स्तरीय दल ने भी किया निरीक्षण
बीजापुर 13 जुलाई 2026- विकासखंड बीजापुर के ग्राम डोडीतुमनार में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का शुक्रवार को राज्य स्तरीय दल एवं दिल्ली से आई विश्व स्वास्थ्य संगठन WHO की टीम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने शिविर में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का अवलोकन किया तथा दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान WHO टीम ने ग्राम डोडीतुमनार निवासी सोमलू मड़ियाम से मुलाकात की। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बस्तर अभियान ( MSBA ) के तहत पूर्व में आयोजित स्क्रीनिंग के दौरान बालक में नेफ्रोटिक सिंड्रोम ( Nephrotic Syndrome ) की पहचान की गई थी। समय पर उपचार, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं नियमित फॉलो-अप के परिणामस्वरूप वर्तमान में उसके स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। टीम ने इसे समय पर स्क्रीनिंग एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का सकारात्मक उदाहरण बताया।
स्वास्थ्य शिविर में कुल 116 ग्रामीणों का ईलाज किया गया जिसमें मलेरिया टेस्ट, दर्द, खुजली, बुखार, सर्दी-खांसी, उल्टी, दस्त, बच्चों का नियमित टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक उपचार, परामर्श एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रदान की गईं। WHO टीम ने विशेष रूप से दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावी ढंग से संचालित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बस्तर अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में समय पर रोगों की पहचान और उपचार सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला टीकाकरण अधिकारी, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक, ब्लॉक विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी, सेक्टर सुपरवाइजर, चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारी, एएनएम, मितानिन एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।