रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

कोचिंग सेंटर में विद्यार्थियों को नशामुक्ति का दिया गया सन्देश
जगदलपुर, 15 जुलाई 2026/ युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से मंगलवार को जगदलपुर के एक कोचिंग सेंटर में कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए नशामुक्ति जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री माहेश्वर नाग के नेतृत्व में रोटरी क्लब के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य एवं परामर्श के लिए मानस हेल्पलाइन 1933 तथा टोल फ्री नंबर 14446 की जानकारी साझा की गई। विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से नशामुक्ति की शपथ लेने हेतु लिंक भी उपलब्ध कराया गया और सभी से नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्थान की सुश्री मंजूषा दीदी ने सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक मूल्यों के माध्यम से नशे से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक सुशांता लकड़ा, थाना प्रभारी कोतवाली लीलाधर राठौर, निरीक्षक माधुरी नायक, प्रभारी नारकोटिक्स सेल श्रीनिवास वर्मा, समाज कल्याण विभाग से सुचिता लकड़ा, स्वास्थ्य विभाग से हनी गोटलिब, शिक्षा विभाग से कमलेश, महिला एवं बाल विकास विभाग से शैलेन्द्र श्रीवास्तव, रोटरी क्लब एवं कोचिंग सेंटर के संचालक सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी नशामुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि जागरूकता, सकारात्मक सोच और सामूहिक प्रयास से ही स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।