रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

युवाओं को दी ‘रोजगार प्रदाता’ बनने की प्रेरणा

जगदलपुर, 15 ⁠जुलाई 2026/ जिला पंचायत के नव पदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तन्मय खन्ना द्वारा बुधवार 15 जुलाई को आडावाल स्थित ‘नुआ बाट’ पुनर्वास केंद्र एवं जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ‘नुआ बाट’ पुनर्वास केंद्र में निवासरत वेल्डिंग ट्रेड के प्रशिक्षणार्थियों से आत्मीय भेंट की और उनके प्रशिक्षण, सीखने के अनुभव तथा भविष्य की रोजगार संभावनाओं के संबंध में विस्तृत चर्चा की। सीईओ ने बीजापुर जिले के दूरस्थ अंचल से यहाँ आकर प्रशिक्षण कार्यक्रम में सम्मिलित होने और सफलता पूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त करने पर युवाओं को बधाई दी। उन्होंने हितग्राहियों को कौशल प्रशिक्षण के महत्व, रोजगार एवं स्वरोजगार के उपलब्ध अवसरों की जानकारी देते हुए प्रेरित किया कि वे स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर रोजगार पाने वालों के बजाय रोजगार देने वालों की श्रेणी में शामिल हों। इस चर्चा के दौरान प्रशिक्षणार्थियों द्वारा बस्तर जिले के प्रमुख पर्यटन व ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण की इच्छा व्यक्त की गई, जिस पर श्री खन्ना ने संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र ही जिला भ्रमण की समुचित व्यवस्था कराने का भरोसा दिलाया।

इसके उपरांत मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जिला परियोजना आजीविका महाविद्यालय में संचालित असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन तथा जल वितरण संचालक प्रशिक्षण बैच के प्रशिक्षणार्थियों से भी सीधा संवाद किया। उन्होंने विशेष रूप से जल वितरण संचालक बैच के हितग्राहियों को जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर तक नल से जल पहुँचाने की शासन की महत्वाकांक्षी योजना के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने युवाओं को प्रेरित किया कि वे इस योजना के अंतर्गत बेहतरीन कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करें और इस मिशन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए आत्मनिर्भर बनें। अपने निरीक्षण के अंतिम चरण में सीईओ श्री खन्ना ने महाविद्यालय परिसर में आयोजित रोजगार मेले का भी अवलोकन किया। उन्होंने मेले में उपस्थित विभिन्न नियोजकों एवं नौकरी के आकांक्षी अभ्यर्थियों से चर्चा की और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि रोजगार मेलों के माध्यम से अधिकाधिक स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के ठोस प्रयास किए जाएं।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply

You missed