रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

11 अगस्त 2026, कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने नकली नोट तैयार कर उन्हें बाजार में असली रकम के रूप में खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना बोड़ला, चौकी पोंडी और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर कुल 12 लाख 50 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं। इसके अलावा नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल किया जा रहा कलर प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल टाटा पंच ईवी कार भी पुलिस ने जब्त की है। पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके में नकली नोटों के इस नेटवर्क को लेकर हड़कंप मचा हुआ है।”
“पुलिस के मुताबिक आरोपी जुलाई 2026 से नकली नोट तैयार करने का काम कर रहे थे। इसके लिए कलर प्रिंटर का इस्तेमाल किया जाता था। आरोपी पहले नकली नोट तैयार करते और फिर उन्हें अलग-अलग माध्यमों से असली रकम के तौर पर चलाने की कोशिश करते थे। इस पूरे मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब ग्राम कमराखोल निवासी दिनेश कुमार यादव ने चौकी पोंडी में शिकायत दर्ज कराई। दिनेश कुमार ने पुलिस को बताया कि उसने अप्रैल 2026 में घुरवा राम को 3 लाख 75 हजार रुपये उधार दिए थे। काफी समय बीतने के बाद जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो घुरवा राम ने जल्द ही पैसा लौटाने की बात कही।”
“9 अगस्त 2026 को घुरवा राम ने दिनेश कुमार को बताया कि उसके पैसे सतीश कुमार के माध्यम से भेजे जा रहे हैं। इसके लिए दिनेश कुमार को ग्राम पोंडी स्थित शराब भट्टी के पास बुलाया गया। रात करीब 9 बजे दिनेश कुमार अपने परिचित कैलाश चंद्रवंशी के साथ बताए गए स्थान पर पहुंचा। वहां सतीश कुमार और उसके एक साथी ने काले रंग के बैग में रकम दी। शुरुआत में दिनेश कुमार को रकम सामान्य लगी, लेकिन जब उसने नोटों की जांच की तो उसे कुछ गड़बड़ महसूस हुई। बैग खोलकर देखने पर उसमें 500-500 रुपये के कुल 4 लाख 50 हजार रुपये के संदिग्ध नकली नोट मिले।