रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

11 अगस्त 2026, जगदलपुर/बस्तर। सावन माह के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में ग्राम पंचायत टलनार से झाड़ेश्वर महादेव मंदिर देवड़ा तक भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और श्रद्धा से ओत-प्रोत इस कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, बजरंगियों, मातृशक्ति एवं दुर्गावाहिनी की सहभागिता रही। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भगवान भोलेनाथ के जयकारों और भक्ति भाव से गूंज उठा।

कांवड़ यात्रा का शुभारंभ इंद्रावती नदी से पवित्र जल लेकर किया गया। श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक इंद्रावती नदी से जल भरकर कांवड़ में धारण किया और पैदल यात्रा करते हुए झाड़ेश्वर महादेव मंदिर, देवड़ा के लिए प्रस्थान किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए धार्मिक उत्साह के साथ अपनी यात्रा पूरी की।
इस भव्य कांवड़ यात्रा में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सह मंत्री श्री रवि ब्रह्मचारी जी, विभाग सह मंत्री श्री श्रीनिवास रेड्डी, जिला अध्यक्ष श्री शंकरलाल गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष श्री प्रेम चालकी जी, श्री जागेश्वर साहू, जिला मंत्री श्री नवीन देवांगन, जिला कोषाध्यक्ष श्री सुरेंद्र तिवारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जबिता मांडवी, जिला संयोजक श्री विष्णु ठाकुर, जिला सत्संग प्रमुख श्री सोमसिंग ठाकुर सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांवड़ यात्रा में तारापुर, टलनार एवं बनियागांव क्षेत्र के बजरंग दल के कार्यकर्ताओं, बजरंगिनियों, मातृशक्ति एवं दुर्गावाहिनी की भी विशेष सहभागिता रही। साथ ही ग्राम पंचायत टलनार के सरपंच श्री गंगा राम कश्यप सहित ग्रामीणों ने भी यात्रा में सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।
भक्ति और आस्था का बना अद्भुत संगम
इंद्रावती नदी से पवित्र जल लेकर निकली कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे मार्ग में हर-हर महादेव, बोल बम और जय श्री राम के जयघोष गूंजते रहे। कांवड़ियों ने अनुशासन और श्रद्धा के साथ पैदल यात्रा करते हुए झाड़ेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना और भक्ति का विशेष पर्व है। ऐसे धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक एकता और सेवा भाव को मजबूत करना है। कांवड़ यात्रा के माध्यम से युवाओं और समाज के लोगों को अपनी सनातन संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं से जुड़ने का संदेश भी दिया गया।
श्रद्धालुओं ने लिया झाड़ेश्वर महादेव का आशीर्वाद
झाड़ेश्वर महादेव मंदिर देवड़ा पहुंचने के बाद कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा इंद्रावती नदी से लाए गए पवित्र जल से भगवान झाड़ेश्वर महादेव का अभिषेक किया गया। मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना एवं भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
आयोजकों ने कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, ग्रामीणों, मातृशक्ति, दुर्गावाहिनी, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। विशाल कांवड़ यात्रा ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सनातन संस्कृति के प्रति लोगों की श्रद्धा को एक बार फिर प्रदर्शित किया।