रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

18 अगस्त 2026, जगदलपुर।शहर को हराभरा और पर्यावरण की दृष्टि से समृद्ध बनाने के उद्देश्य से इंद्रावती नदी से लेकर गोरिया बहार तक वृहद पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं वन मंत्री केदार कश्यप की पहल और नगर निगम जगदलपुर,वन विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्रदाधिकरण के तत्वाधान में आयोजित होने वाले इस अभियान की तैयारियों का महापौर संजय पांडे ने निरीक्षण किया।

महापौर ने नगर निगम, वन विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से पौधारोपण के लिए स्थल चयन, पौधों की उपलब्धता, रोपण व्यवस्था तथा अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।



अभियान के तहत वन विभाग द्वारा करीब 2000 कनेर, टिकोमा एवं बोगनवेलिया के पौधे उपलब्ध कराए गये है ,साथ ही पौधारोपण के लिए आवश्यक सहयोग भी प्रदान किया जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा भी अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है।

महापौर संजय पांडे ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं वन मंत्री केदार कश्यप के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इंद्रावती से गोरिया बहार तक प्रस्तावित वृहद पौधारोपण अभियान जगदलपुर को हरित एवं सुंदर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल और उनके सुरक्षित विकास की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि शहर के विकास के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। जनप्रतिनिधियों, विभागों और आम नागरिकों की सामूहिक सहभागिता से इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है। इंद्रावती नदी से गोरिया बहार तक बड़े पैमाने पर हरियाली विकसित होने से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि आने वाले समय में यह क्षेत्र एक सुदृढ़ हरित पट्टी के रूप में विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
निरीक्षण के दौरान निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, योगेंद्र पांडे, संग्राम सिंह राणा, संजय विश्वकर्मा एवं विधूशेखर झा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply