रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

25 अगस्त 2026, गरियाबंद। छत्तीसगढ़ की गरियाबंद पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। देवभोग थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-130सी पर स्थित खुटगांव अंतर्राज्यीय जांच चौकी में 400 किलोग्राम गांजे से भरा आयशर वाहन पकड़ा है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत दो करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में ओडिशा के कथित सप्लायर सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल आयशर वाहन, पायलटिंग कर रही मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और छह लाख 50 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 24 अगस्त की रात देवभोग थाना पुलिस की टीम खुटगांव नाका पर आने-जाने वाले वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की तरफ से आ रहे आयशर वाहन क्रमांक एमएच-06 बीडब्ल्यू-4144 को पुलिस ने जांच के लिए रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसकी छत पर काले रंग का तिरपाल दिखाई दिया।
संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने तिरपाल हटाकर उसके नीचे रखे पैकेटों की जांच की। पैकेट खोलने पर उनमें गांजा भरा मिला। वजन कराने पर गांजे की कुल मात्रा लगभग 400 किलोग्राम पाई गई। पुलिस ने वाहन में सवार महाराष्ट्र निवासी संतोष मोहिते और सुमित थोड़वे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि उनके वाहन के आगे मोटरसाइकिल सवार दो लोग पायलटिंग करते हुए चल रहे हैं।