रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

स्कूलों में टेलेंट तिहार के साथ सरस्वती साइकिल वितरण समारोह संपन्न
27 अगस्त 2026, जगदलपुर। विकासखण्ड दरभा में आज विकासखण्ड स्तरीय टेलेंट तिहार समारोह का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक विनायक गोयल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभाओं का अवलोकन किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

टेलेंट तिहार के दौरान विकासखण्ड के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने अपनी कला एवं प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में एकल गायन, सामूहिक गायन, चित्रकला, वाद्य यंत्र वादन, एकल नृत्य, सामूहिक नृत्य, एकांकी नाटक सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, कला-कौशल और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का ध्यान आकर्षित किया और पूरे कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का वातावरण बना रहा।

विधायक विनायक गोयल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा छिपी होती है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा को मंच पर प्रस्तुत करने और उसे निखारने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ कला, संस्कृति, खेल और रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत करने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और अपनी प्रतिभा को पहचानकर उसे आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

इसी अवसर पर विकासखण्ड स्तरीय सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिल वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 389 साइकिलों का वितरण किया गया। विधायक विनायक गोयल ने छात्राओं को साइकिल प्रदान करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान करना तथा उनकी शिक्षा को निरंतर बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। साइकिल मिलने से दूर-दराज के क्षेत्रों से विद्यालय आने वाली छात्राओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय पहुंचने में सहूलियत होगी। इस पहल को छात्राओं की शिक्षा के प्रति सकारात्मक कदम बताते हुए विधायक ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा समाज और क्षेत्र के विकास की मजबूत आधारशिला है।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा शिक्षा और विद्यार्थियों के हित में संचालित योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ते हुए अपने परिवार, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मण्डावी , अ ज जा मोर्चा अध्यक्ष संतोष बघेल , जनपद अध्यक्ष मानकदेई कश्यप , उपाध्यक्ष हरिप्रसाद कश्यप , मण्डल अध्यक्ष देवीप्रसाद वेंजाम , सोमारू राम कश्यप , बाबुल नाग , गांगरा राम , महादेव कवासी , नारायण कुरानी , कमलु राम कश्यप , धर्मेन्द्र ठाकुर , मिडिया प्रभारी मुन्नु सिंह , विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया।