रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

बेटियों की कल्पना में भारत 2047, ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला कार्यक्रम में दिखी छात्राओं की रचनात्मक सोच
19 सितंबर 2026, कोंडागांव । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा और समर्पण को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ओरछा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में ‘मेरे सपनों का भारत’ सेवा-चित्र कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप शामिल हुए और छात्राओं से संवाद किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भारत 2047 को लेकर अपनी कल्पनाओं और सपनों को रंगों एवं रचनात्मकता के माध्यम से कागज पर उकेरा। चित्रों में छात्राओं ने विकसित, आत्मनिर्भर, स्वच्छ, सुरक्षित और समृद्ध भारत की अपनी कल्पना को विभिन्न रंगों के जरिए अभिव्यक्त किया।

मंत्री केदार कश्यप ने छात्राओं द्वारा बनाए गए चित्रों को देखा और उनके पीछे छिपे विचारों तथा भविष्य की कल्पनाओं को समझने के लिए उनसे बातचीत की।

छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपने-अपने चित्रों के माध्यम से भारत के भविष्य को लेकर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर छात्राओं की कल्पनाशीलता, रचनात्मक प्रतिभा और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के प्रति उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण की कल्पना से जोड़ना और उनके विचारों को अभिव्यक्ति का मंच प्रदान करना रहा।
