
अधिकारियों को दी आंदोलन की चेतावनी
जगदलपुर, 04 नवंबर 2026। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) जिला बस्तर के नेतृत्व में तोकापाल ब्लॉक अध्यक्ष बबलू बघेल के नेतृत्व में एराकोर्ट गांव की वर्षों से लंबित मूलभूत समस्याओं को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (SDM) तोकापाल को ज्ञापन सौंपा गया।ब्लॉक अध्यक्ष बबलू बघेल जी ओर संगठन के ज्ञापन सौंपने से पूर्व संगठन के पदाधिकारियों ने गांव का निरीक्षण कर ग्रामीणों एवं किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
निरीक्षण के दौरान सड़क, नाली, बिजली, पेयजल, स्कूल, आंगनबाड़ी तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति सामने आई। वहीं राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर जमीन बंटवारा, नामांतरण सहित अन्य राजस्व कार्यों के लिए पैसे मांगने जैसी गंभीर शिकायतें भी ग्रामीणों ने रखीं।
जिला प्रवक्ता कृष्ण कुमार पांडे ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी एराकोर्ट के ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। ग्रामीण आज भी कुएं और डबरी का पानी पीने को मजबूर हैं। यह शासन-प्रशासन के विकास के दावों पर बड़ा सवाल है।जिला अध्यक्ष रमेश गोयल ने कहा कि एराकोर्ट के बालक छात्रावास का पूर्व में निरीक्षण किए जाने के बावजूद आज तक व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
आसपास के अन्य छात्रावासों का भी निरीक्षण कर वहां की कमियों को सामने लाया गया है। बच्चों के भविष्य और उनके स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने प्रशासन से मांग की है कि सभी समस्याओं की निष्पक्ष जांच कर तत्काल निराकरण किया जाए।
संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि समस्याओं का समाधान समय-सीमा में नहीं किया गया तो किसानों और ग्रामीणों के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर प्रशासनिक कार्यालय तक उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:संभागीय अध्यक्ष शिवा स्वर्णकार, संभागीय प्रभारी सोनू राम कश्यप, जिला अध्यक्ष रमेश गोयल, जिला उपाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, जयंत राम साहू, मानसिंह नेताम, जिला सचिव रूबेन कश्यप, धीरज ठाकुर, तोकापाल ब्लॉक अध्यक्ष बबलू बघेल, ब्लॉक उपाध्यक्ष राजेंद्र मंडावी एवं ग्राम अध्यक्ष मानका कश्यप सहित बड़ी संख्या में किसान साथी उपस्थित रहे।