साप्ताहिक बाजार में ग्रामीणों को मिली स्वास्थ्य सेवाएं, मधुमेह एवं रक्तचाप सहित विभिन्न बीमारियों की हुई जांच’’

बीजापुर 21 नवंबर 2026- विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर जिले के विकासखंड बीजापुर अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर तोयनार में साप्ताहिक बाजार दिवस पर विशेष स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को उनके नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं अन्य बीमारियों की समय पर पहचान कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श प्रदान करना था।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में कुल 150 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान 63 लोगों की रक्तचाप (बीपी) एवं 63 लोगों की रक्त शर्करा (आरबीएस) जांच की गई। इसके अतिरिक्त मधुमेह की विस्तृत जांच के लिए 3 व्यक्तियों के एचबीए1सी ( HbA1c ) सैंपल लिए गए। शिविर में एएनसी जांच, हीमोग्लोबिन, मलेरिया एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण भी किए गए।

जांच के आधार पर मरीजों को आवश्यक दवाइयां, उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप जैसी गैर-संचारी बीमारियों से बचाव के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, शारीरिक गतिविधियों तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की जानकारी दी।साप्ताहिक बाजार में स्वास्थ्य शिविर से ग्रामीणों को मिली सुविधा- तोयनार के साप्ताहिक बाजार दिवस पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित होने से आसपास के गांवों से बाजार पहुंचे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधाएं प्राप्त हुईं।

विशेष रूप से ऐसे ग्रामीण, जो नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए अस्पताल नहीं पहुंच पाते, उनके लिए यह शिविर उपयोगी साबित हुआ। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को मधुमेह के लक्षणों, संभावित जोखिमों एवं समय पर जांच के महत्व के प्रति जागरूक किया। साथ ही लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होने पर नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर में जांच एवं उपचार कराने की सलाह दी गई।चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने दी सेवाएं- शिविर का आयोजन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन में सेक्टर सुपरवाइजर, स्वास्थ्य कर्मियों एवं मितानिनों के सहयोग से किया गया।

इस अवसर पर चिकित्सा अधिकारी डॉ. रूद्र कुमार अमान, डॉ. सोनाली सिंह एएमओ, नरेन्द्र कौशिक आरएमओ, रोशन बघेल फार्मासिस्ट, गणेश कश्यप लैब टेक्नीशियन, सरिता ककेम सीएचओ, रचना कुड़ियम सीएचओ, लछिन्धर मांझी आरएचओ, श्री सोनूराम कुड़ियम आरएचओ, बालमुनी खेश आरएचओ एवं लक्ष्मीकांता गांधरला आरएचओ सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply