9.88 करोड़ की परियोजना का पूरा विवरण हो सार्वजनिक,निर्माण कार्य तत्काल रोककर तकनीकी एवं गुणवत्ता जांच कराने कांग्रेस पार्षद दल ने उठाई आवाज

29 नवंबर 2026, जगदलपुर / नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी के नेतृत्व में आज कांग्रेस पार्षद दल द्वारा नगर निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दलपत सागर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कांग्रेस पार्षद दल ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, तकनीकी मापदंडों, कार्यप्रणाली और पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल उठाए। नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने विधायक, महापौर एवं नगर निगम आयुक्त से सवाल किया कि आखिर दलपत सागर में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी सार्वजनिक करने से परहेज क्यों किया जा रहा है? क्या उच्च न्यायालय में कैविएट दायर करने की पहल विकास कार्यों में बाधा रोकने के लिए थी या फिर निर्माण कार्यों में संभावित अनियमितताओं पर उठने वाले सवालों से बचने की रणनीति है?

राजेश चौधरी ने कहा कि शहर का कोई भी नागरिक विकास कार्यों का विरोधी नहीं है। जगदलपुर की जनता शहर में बेहतर सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण विकास चाहती है, लेकिन विकास के नाम पर यदि नियमों, तकनीकी मापदंडों और पारदर्शिता की अनदेखी की जाती है, तो उस पर सवाल उठाना विपक्ष और शहरवासियों का लोकतांत्रिक अधिकार है। दलपत सागर जगदलपुर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पहचान है। ऐसे महत्वपूर्ण जलाशय में करोड़ों रुपये की लागत से होने वाले कार्य पूरी पारदर्शिता और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप होने चाहिए।उन्होंने कहा कि दलपत सागर में चल रहे निर्माण कार्य को पाथवे निर्माण बताया जा रहा है, लेकिन मौके पर जिस प्रकार पूर्व में निर्मित बंड के ऊपर मुरूम एवं निर्धारित निर्माण सामग्री के स्थान पर नाली से निकले मलबे और कचरे का उपयोग भराई के लिए किया जा रहा है, उससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और उद्देश्य पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

आखिर निविदा की शर्तों में निर्धारित सामग्री का उपयोग क्यों नहीं किया जा रहा है? क्या इस तरह की भराई से निर्माण कार्य की मजबूती और भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो पाएगी? पाथवे निर्माण के नाम पर कहीं ऐसा तो नहीं किया जा रहा है कि इसका वास्तविक लाभ आम नागरिकों के बजाय कुछ धनाढ्य लोगों को पहुंचाया जाए?राजेश चौधरी ने कहा कि निर्माण कार्य बिना स्पष्ट डीमार्केशन और लेआउट के संचालित किया जा रहा है। स्थिति यह है कि संबंधित इंजीनियर को भी कार्य प्रारंभ होने की जानकारी नहीं है और न ही क्षेत्र के वार्ड पार्षद को निर्माण कार्य के संबंध में विधिवत अवगत कराया गया है।

जब संबंधित तकनीकी अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और शहर की जनता ही कार्य की वास्तविक योजना से अनजान हैं, तो आखिर यह निर्माण किसकी निगरानी में और किस स्वीकृत योजना के तहत कराया जा रहा है? क्या नगर निगम में कार्यों को संचालित करने की कोई निर्धारित प्रक्रिया बची है या फिर कुछ लोगों की मनमर्जी से करोड़ों रुपये के काम कराए जा रहे हैं?उन्होंने कहा कि दलपत सागर जैसे महत्वपूर्ण जलाशय में करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन कार्यों का विस्तृत विवरण, तकनीकी स्वीकृति, लेआउट, निर्माण सामग्री और कार्य की समयसीमा सार्वजनिक नहीं की जा रही है। जब किसी सार्वजनिक परियोजना में पारदर्शिता नहीं होती और संबंधित जानकारियां जनप्रतिनिधियों तक को उपलब्ध नहीं कराई जातीं, तो स्वाभाविक रूप से निर्माण कार्यों में अनियमितताओं और संभावित भ्रष्टाचार की आशंका पैदा होती है।

जनता के पैसों से होने वाले कार्यों का हिसाब जनता को मिलना ही चाहिए।राजेश चौधरी ने उच्च न्यायालय में दायर कैविएट को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर ऐसी कौन सी परिस्थिति उत्पन्न हो गई थी कि दलपत सागर के निर्माण कार्यों को लेकर उच्च न्यायालय में कैविएट दायर करने की आवश्यकता महसूस हुई? शहर का कोई भी नागरिक नियमानुसार और गुणवत्तापूर्ण विकास कार्यों को रोकना नहीं चाहता। यदि निर्माण कार्य पूरी तरह नियमों के अनुरूप और पारदर्शी तरीके से किया जा रहा है, तो फिर किसी को भी सवालों से डरने की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए। कैविएट दायर करने की पहल कहीं निर्माण कार्यों में संभावित अनियमितताओं को लेकर उठने वाले सवालों से बचने का प्रयास तो नहीं है?

विधायक, महापौर और निगम आयुक्त को इस संबंध में शहर की जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।उन्होंने मांग की कि दलपत सागर में चल रहे निर्माण कार्यों को तत्काल प्रभाव से रोककर उनकी स्वतंत्र तकनीकी एवं गुणवत्ता संबंधी जांच कराई जाए। निविदा (एनआईटी) में निर्धारित शर्तों और तकनीकी मापदंडों के अनुसार ही निर्माण सामग्री का उपयोग सुनिश्चित किया जाए। नाली से निकले मलबे और कचरे के स्थान पर निर्धारित गुणवत्तापूर्ण सामग्री का इस्तेमाल हो। निर्माण कार्य की प्रत्येक प्रक्रिया की जांच कराई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि जनता के करोड़ों रुपये का दुरुपयोग न हो। यदि भराई के लिए कचरे और मलबे का ही उपयोग करना था, तो नगर निगम के पास पहले से ही पर्याप्त कचरा उपलब्ध है, फिर ऐसी स्थिति में ठेकेदार को करोड़ों रुपये का ठेका देने की आवश्यकता ही क्या थी?राजेश चौधरी ने विधायक, महापौर एवं नगर निगम प्रशासन से मांग की कि दलपत सागर के बाहरी क्षेत्र में 9.88 करोड़ रुपये की परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित सभी कार्यों का विस्तृत विवरण सार्वजनिक किया जाए।

इसके साथ ही दलपत सागर के भीतरी क्षेत्र में प्रस्तावित कार्यों की पूरी जानकारी भी शहरवासियों के सामने रखी जाए। परियोजना के अंतर्गत प्रत्येक कार्य की लागत, स्वीकृत योजना, तकनीकी स्वीकृति, लेआउट, डीमार्केशन, निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता, ठेकेदार की जिम्मेदारी और कार्य पूर्ण करने की समयसीमा सार्वजनिक की जाए, ताकि जनता को पता चल सके कि उसके पैसों का उपयोग किस कार्य में और किस प्रकार किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि दलपत सागर केवल एक जलाशय नहीं, बल्कि जगदलपुर की ऐतिहासिक विरासत और शहर की पहचान है। इसके संरक्षण और विकास के नाम पर किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जा सकती। विकास कार्यों में बाधा की आशंका बताकर न्यायालय में कैविएट दायर करना और दूसरी ओर निर्माण कार्यों की बुनियादी जानकारियां सार्वजनिक नहीं करना अनेक सवाल खड़े करता है।

अंत में राजेश चौधरी ने कहा कि कांग्रेस विकास की विरोधी नहीं, बल्कि जनहित और पारदर्शिता के साथ विकास की पक्षधर है। दलपत सागर का विकास होना चाहिए, लेकिन वह निर्धारित नियमों, तकनीकी मानकों और गुणवत्ता के साथ होना चाहिए। शहर की जनता को विकास चाहिए, विकास के नाम पर भ्रष्टाचार, अपारदर्शिता और मनमानी नहीं। दलपत सागर जगदलपुर की धरोहर है और इसकी सुरक्षा तथा विकास के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply

You missed