रिपोर्ट –जय शंकर पांडे


30 मार्च 2026 , जगदलपुर / आज शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय, जगदलपुर के वनस्पति शास्त्र विभाग द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अंतर्गत संचालित स्किल एन्हांसमेंट कोर्स (SEC) – गार्डनिंग एवं फ्लोरीकल्चर के तहत बोंसाई कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला विज्ञान भवन के स्मार्ट क्लासरूम में दोपहर 1:30 बजे से आयोजित की गई।

          इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में दुर्ग के प्रसिद्ध बोंसाई विशेषज्ञ एवं पर्यावरण प्रेमी श्री अभय खनंग  उपस्थित रहे। श्री खनंग पिछले लगभग 40 वर्षों से बोनसाई क्षेत्र में सक्रिय हैं तथा उनके पास 35 वर्ष पुराने बोनसाई पौधों का समृद्ध संग्रह है। वे छत्तीसगढ़ हार्टीकल्चर सोसायटी, दुर्ग के सक्रिय सदस्य रह चुके हैं तथा दुर्ग, भिलाई एवं रायपुर में आयोजित विभिन्न फ्लावर शो में उनके बोनसाई पौधों को पुरस्कार प्राप्त हो चुका है। उनके संग्रह में बोनसाई के साथ-साथ कैक्टस एवं सक्युलेंट्स सहित लगभग 300 प्रकार के पौधे शामिल हैं। वे विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में कार्यशालाएं आयोजित कर विद्यार्थियों को इस कला एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करते रहे हैं।

         श्री खनंग ने विद्यार्थियों को बहुत ही सरल, सहज एवं प्रभावी तरीके से बोंसाई विकसित करने की संपूर्ण प्रक्रिया को चरणबद्ध ढंग से समझाया। उन्होंने उपयुक्त पौधों का चुनाव, मिट्टी मिश्रण, गमले की तैयारी तथा पौधों के उचित पोषण एवं देखभाल के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही उन्होंने बोंसाई के विभिन्न प्रकारों जैसे फॉर्मल, इनफॉर्मल एवं कैस्केड शैलियों का परिचय कराया। उन्होंने पौधों में होने वाले सामान्य रोगों, कीटों के आक्रमण तथा उनके जैविक एवं रासायनिक नियंत्रण के उपायों को भी विस्तार से बताया तथा प्रूनिंग (छंटाई) एवं कटिंग तकनीकों के महत्व, सही समय और वैज्ञानिक विधियों को व्यावहारिक उदाहरणों के साथ स्पष्ट किया।

       कार्यशाला के दौरान उन्होंने जेड प्लांट एवं पीपल के पौधे का उपयोग करते हुए विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष (हैंड्स-ऑन) प्रशिक्षण प्रदान किया, जिसमें छात्रों ने स्वयं बोंसाई निर्माण की प्रक्रिया में भाग लेकर कटाई-छंटाई, आकार निर्धारण तकनीकों का अभ्यास किया, जिससे उनके व्यावहारिक कौशल का भी विकास हुआ। साथ ही विद्यार्थियों ने बोंसाई एवं गार्डनिंग से संबंधित अपने विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका श्री खनंग ने संतोषजनक एवं विस्तृत उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

      कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रंजना नाथ  के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में श्रीमति बबीता दीवान, श्री भुवनेश्वर कुमार, डॉ. प्रिंसी दुग्गा, सुश्री ज्योति त्रिपाठी, श्रीमति जयश्री मंडल, डॉ. त्रुप्ति खनंग, श्री लक्ष्मण पटेल एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन वनस्पति शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. गुलाब चंद साहू  द्वारा किया गया।

संपादक –ऋषभ कुमार

मो.–6266449977

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply