रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

पक्के स्कूल भवन से बच्चों को मिला बेहतर शिक्षा का आधार

बीजापुर, 19 अगस्त 2026। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग बीजापुर अंतर्गत भोपालपटनम विकासखंड के ग्राम पंचायत मद्देड़ में पूर्व माध्यमिक शाला (बालक) के लिए नवीन स्कूल भवन का निर्माण पूर्ण हो गया है। अब क्षेत्र के बच्चों को पक्के और स्थायी भवन में अध्ययन की सुविधा मिल रही है।

जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर स्थित मद्देड़ क्षेत्र में स्कूल भवन के अभाव के कारण विद्यार्थियों को अध्ययन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए डी.पी.आई. (शिक्षा विभाग) योजना के तहत वर्ष 2025-26 में नवीन स्कूल भवन की स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसके बाद वर्ष 2026-27 में भवन का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया।

नवीन भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हुआ है। पक्के भवन में अध्ययन की सुविधा मिलने से बच्चों की नियमित उपस्थिति और पढ़ाई के प्रति रुचि को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए बेहतर वातावरण तैयार हुआ है।

ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण है। नवीन स्कूल भवन से मद्देड़ क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर आधार मिलेगा और उनके उज्ज्वल भविष्य की राह और मजबूत होगी।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply