रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

कलेक्टर  विश्वदीप के त्वरित एवं न्यायसंगत कार्रवाई के आश्वासन का व्यापारी संघ ने किया स्वागत

बीजापुर, 20 अगस्त 2026। खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहीत अधिकारी के कथित दुर्व्यवहार के मामले को लेकर व्यापारी संघ द्वारा अनिश्चितकालीन दुकानें बंद रखने का निर्णय लिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर श्री विश्वदीप ने त्वरित पहल करते हुए व्यापारी संघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ महत्वपूर्ण बैठक की और उनकी समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना।

बैठक में कलेक्टर विश्वदीप ने कहा कि व्यापारियों के हितों के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तत्पर एवं सजग है। किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

कलेक्टर के आश्वासन और प्रशासन द्वारा मामले में त्वरित एवं न्यायसंगत कार्रवाई किए जाने की पहल का व्यापारी संघ ने स्वागत किया। व्यापारी संघ ने जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्णय लेते हुए अनिश्चितकालीन दुकान बंद रखने के फैसले को वापस ले लिया। इसके बाद जिले में व्यापारिक प्रतिष्ठान पुनः खुलने लगे और बाजारों में सामान्य गतिविधियां बहाल होने लगी हैं।

व्यापारी संघ ने प्रशासन के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया है और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। इस पहल से प्रशासन और व्यापारियों के बीच सकारात्मक संवाद एवं समन्वय का वातावरण बना है।

बैठक में अपर कलेक्टर  भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर  जागेश्वर कौशल, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण, व्यापारी संघ के जिला अध्यक्ष ईश्वर सोनी एवं प्रतिनिधिमंडल तथा वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply

You missed