रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

छात्रावास की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

बीजापुर, 20 अगस्त 2026/ अपर कलेक्टर भूपेन्द्र अग्रवाल ने प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास बीजापुर का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों की सुविधाओं, भोजन, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता व्यवस्था का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर ने छात्रावास में विद्यार्थियों की  उपस्थिति तथा उनकी दैनिक गतिविधियों की उचित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

उन्होंने छात्रावास में रहने वाले बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के निर्देश दिए। मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई रखने तथा किसी भी प्रकार की गंदगी एवं जलजमाव नहीं होने देने को कहा।

अपर कलेक्टर ने विशेष रूप से पानी के जमाव को रोकने और मच्छरों के पनपने की स्थिति समाप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावास परिसर, नालियों एवं आसपास के स्थानों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा जलजमाव वाले संभावित स्थानों की लगातार निगरानी करने को कहा, ताकि डेंगू, मलेरिया सहित अन्य मच्छरजनित एवं मौसमी बीमारियों से बच्चों को सुरक्षित रखा जा सके।

उन्होंने विद्यार्थियों को मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल स्वास्थ्य विभाग से संपर्क कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने को कहा।

अपर कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को छात्रावास की व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और विद्यार्थियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply

You missed