रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

23 अगस्त 2026, कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। खेलते-खेलते एक 3 साल का मासूम बच्चा घर के पास स्थित कुएं में जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। यह दर्दनाक घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 34 पुरानी बस्ती स्थित दादर बस्ती की है। मृतक बच्चे की पहचान अभियांस पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय बच्चा घर के आसपास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अचानक घर से लगी बाड़ी की ओर चला गया, जहां कुआं मौजूद था।
“परिजनों के मुताबिक अभियांस रोज की तरह घर में खेल रहा था। कुछ देर बाद जब वह दिखाई नहीं दिया तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी देर तक खोजबीन करने के बाद भी जब बच्चे का कोई पता नहीं चला तो परिजनों को चिंता हुई। इसी दौरान उनकी नजर कुएं की ओर गई, जहां बच्चा पानी में गिरा हुआ मिला। परिजनों ने तत्काल बच्चे को कुएं से बाहर निकाला और उसे इलाज के लिए कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।