रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

23 अगस्त 2026, धमतरी। जिले में अपराधों पर नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में एसपी धमतरी भावना पांडेय के निर्देश पर चौकी करेली बड़ी पुलिस ने मारपीट और चाकूबाजी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने दाढ़ी नहीं बनाने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद सेलून संचालक पर सब्जी काटने वाले धारदार चाकू से हमला किया था।
पुलिस के अनुसार, घटना 6 अगस्त 2026 को ग्राम करेलीबड़ी में हुई थी। आरोपी चम्मन लाल भारती पिता ईश्वरी भारती, उम्र 43 वर्ष, निवासी करेलीबड़ी ने सेलून संचालक टुकेश्वर उर्फ लालू सेन के साथ दाढ़ी नहीं बनाने की बात को लेकर विवाद किया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले गाली-गलौज की और फिर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया।
इस हमले में प्रार्थी टुकेश्वर सेन के हाथ, घुटने और गाल में चोट आई थी। घटना के बाद पीड़ित ने चौकी करेलीबड़ी थाना मगरलोड में इसकी शिकायत दर्ज कराई।