रिपोर्ट– जय शंकर पांडे

जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दरभा ने भाजपा सरकार के खिलाफ NH- 30 कामानार नाका के समक्ष चक्काजाम कर किया विरोध प्रदर्शन ..
25 अगस्त 2026, जगदलपुर(नानगुर) / आज बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य की नेतृत्व में,पूर्व विधायक रेखचंद जैन की उपस्थिति में एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दरभा अध्यक्ष महादेव नाग की अगुवाई में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दरभा के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने बदहाल सड़कों को NH 30 कामानार नाका के समक्ष भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर चक्काजाम किया।

जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दरभा द्वारा क्षेत्र की बदहाल सड़कों और NH-30 की जर्जर स्थिति को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने NH-30 स्थित कामानार नाका के समक्ष प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम किया और सरकार से सड़क की तत्काल मरम्मत एवं आम जनता को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार में विकास के दावे केवल विज्ञापनों तक सीमित रह गए हैं। यदि सरकार वास्तव में विकास को लेकर गंभीर है तो उसे सड़कों की वास्तविक स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। NH-30 की बदहाल स्थिति इसका जीता-जागता प्रमाण है कि सरकार के विकास के दावे और जमीनी हकीकत में कितना बड़ा अंतर है। उन्होंने कहा कि जनता को गड्ढों और जर्जर सड़कों के भरोसे छोड़कर विकास की बातें करना जनता के साथ छलावा है। कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर लगातार आवाज उठाती रहेगी।
भाजपा सरकार लगातार विकास के बड़े-बड़े दावे और विज्ञापन कर अपनी पीठ थपथपा रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। NH-30 जैसे महत्वपूर्ण मार्ग की बदहाली सरकार के विकास के दावों की पोल खोल रही है। सड़क की खराब स्थिति के कारण आम नागरिकों, वाहन चालकों, ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। और विधायक विनायक गोयल, मंत्री केदार कश्यप व सांसद के कानों में जूं तक नहीं रेंग रहा है!
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने आगे कहा एक ओर केंद्र एवं राज्य की डबल इंजन सरकारें लगातार बस्तर को नक्सलवाद से मुक्त कर ‘विकास की मुख्यधारा’ से जोड़ने के बड़े-बड़े दावे करती हैं, वहीं दूसरी ओर बस्तर को प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाली NH-30 जैसी बुनियादी सड़क आज भी अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है।इस जर्जर सड़क का खामियाजा सीधे तौर पर आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। सूखे के दिनों में उड़ती भारी धूल के कारण स्थानीय लोग और राहगीर सांस की गंभीर बीमारियों का शिकार हो रहे हैं, तो वहीं सड़क पर मौजूद बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन जानलेवा हादसे हो रहे हैं। हालात तो तब और भी भयावह हो जाते हैं, जब बरसात के दिनों में नाले का पानी उफान पर होता है और पूरी सड़क दलदल व कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है और लोगों का पैदल निकलना तक दूभर हो जाता है। आज सरकार से सड़क की तत्काल मरम्मत एवं आम जनता को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर चक्काजाम किया गया है।
पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने कहा कि NH-30 बस्तर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। सड़क की खराब स्थिति से आम जनता को परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। सरकार को राजनीतिक बयानबाजी और प्रचार से आगे बढ़कर सड़क की वास्तविक स्थिति सुधारने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दरभा अध्यक्ष महादेव नाग ने कहा कि दरभा क्षेत्र की जनता लंबे समय से सड़क की बदहाली से परेशान है। खराब सड़क के कारण ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों, मरीजों और रोजमर्रा के काम से आवागमन करने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए NH-30 की तत्काल मरम्मत करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर आंदोलन को और तेज करेगी।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी,जिला उपाध्यक्ष नीलुराम बघेल,महामंत्री अल्ताफ उल्ला खान,अनुराग महतो ब्लॉक अध्यक्ष फूलसिंह बघेल,तुलाराम कश्यप,धरमूराम,बलिराम,जयदेव नाग,मानसिंह ठाकुर,मनीष बघेल,मुन्नालाल कश्यप, सरपंच सुरेश कश्यप,सहदेव नाग,राजेश दास,मानु,जशकेतन जोशी,सोनारू नाग, राजेंद्र त्रिपाठी, प्रदीप सेठिया,जलन्धर,आदि मौजूद रहे ।