रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

28 अगस्त 2026, बकावंड। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान को थाना क्षेत्र में बेहतर प्रतिसाद मिल रहा है। पुलिस 15 अगस्त से इस सम्बंध में लगातार जनजागरूकता अभियान संचालित कर आम लोगों के बीच पहुंच रही है।
इसी के तहत बुधवार को थाना बकावंड पुलिस द्वारा थाना  परिसर में  थाना क्षेत्रान्तर्गत व्यापारिक संघ के साथ साइबर  अपराध के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रवीण कुमार भारती द्वारा बताया गया कि साइबर जनजागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक एवं सतर्क करना है। आज के इस डिजिटल युग में लगभग सभी आवश्यक कार्य मोबाइल एवं इंटरनेट के माध्यम से किए जा रहे हैं। ऐसे में हमारी थोड़ी-सी लापरवाही का फायदा उठाकर साइबर अपराधी हमारे मोबाइल, बैंक खाते, सोशल मीडिया अकाउंट तथा व्यक्तिगत जानकारी को नुकसान पहुँचा सकते हैं। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधों से बचने का सबसे प्रभावी उपाय  जागरूक एवं सतर्क रहना है। साइबर अपराधी अक्सर लोगों की छोटी-सी गलती का फायदा उठाकर उन्हें ठगी का शिकार बनाते हैं।

उदाहरण के लिए, OTP साझा करवाकर, फर्जी लिंक भेजकर अथवा अन्य तरीकों से लोगों की निजी एवं वित्तीय जानकारी प्राप्त कर साइबर फ्रॉड किया जाता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा  साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आमजन जागरूक रहें, सतर्क रहें और सुरक्षित रहें तथा स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply