रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

श्री जगन्नाथ मंदिर में सजी क्रिकेट की महफिल, ऑक्शन पद्धति से चुने गए आठ टीमों के खिलाड़ी
जगदलपुर, 29 नवंबर। बस्तर जिला 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज द्वारा आगामी दिसंबर माह में आयोजित होने वाली संभागीय स्तरीय रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता आरण्यक ब्राह्मण प्रीमियर लीग को लेकर आज श्री जगन्नाथ मंदिर में खिलाड़ियों का मेगा ऑक्शन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ आगामी 13 दिसंबर से होगा, जिसमें संभाग भर के समाज के युवा खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।इस बार प्रतियोगिता को और अधिक रोमांचक एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से खिलाड़ियों का चयन ऑक्शन पद्धति के माध्यम से किया गया।

इस आयोजन की विशेष बात यह रही कि प्रतियोगिता में शामिल सभी आठ टीमों के नाम भगवान श्री जगन्नाथ जी एवं उनसे जुड़े धार्मिक प्रतीकों के नाम पर रखे गए हैं। इनमें श्री जगन्नाथ एकादश, माता सुभद्रा शक्ति 11, श्री बलभद्र शौर्य 11, श्री नंदीघोष गर्जना 11, श्री तालध्वज पराक्रम 11, श्री दर्पदलन सारथी 11, श्री गुंडिचा 11 एवं श्री नीलचक्र संकल्प 11 शामिल हैं।प्रतियोगिता की सभी टीमों के ओनर एवं खिलाड़ी समाज के ही सदस्य हैं। ऑक्शन प्रक्रिया के माध्यम से खिलाड़ियों को विभिन्न टीमों में शामिल किया गया है।

अब सभी टीमें आगामी 13 दिसंबर से मैदान में उतरकर खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।प्रतियोगिता में विजेता एवं उपविजेता टीम को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बॉलर, फेयर प्ले अवॉर्ड, बेस्ट सिक्सेस सहित विभिन्न व्यक्तिगत श्रेणियों में भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।आयोजन को लेकर समाज के युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन का पहल करने वाले आशु आचार्य जी ने बताया कि समाज की मजबूती और युवाओं को एकजुट करने के उद्देश्य से इस प्रकार के आयोजन किए जा रहे हैं। जिस प्रकार युवा देश का भविष्य हैं, उसी प्रकार युवा किसी भी समाज का भविष्य होते हैं।

ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज के युवा एक-दूसरे से परिचित होते हैं, आपसी मेलजोल बढ़ता है और उनमें संगठन एवं सामूहिकता की भावना विकसित होती है, बढ़ो के मार्गदर्शन के साथ युवा जोश से यह कार्यक्रम और भी भव्य होगा।उन्होंने कहा कि जब युवा इस प्रकार के आयोजनों से जुड़ते हैं तो धीरे-धीरे समाज की अन्य गतिविधियों में भी उनकी सहभागिता बढ़ती है। इससे न केवल युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है, बल्कि समाज में एकता, समन्वय और संगठनात्मक मजबूती भी आती है।
समाज द्वारा आयोजित यह क्रिकेट प्रतियोगिता खेल के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता, युवा सहभागिता और संगठन की भावना को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। अब सभी को 13 दिसंबर से शुरू होने वाली इस रोमांचक क्रिकेट प्रतियोगिता का बेसब्री से इंतजार है।